वेनेज़ुएला संकटः अमरीका ने दी कार्रवाई की चेतावनी
अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने वेनेज़ुएला को चेताया है कि अगर अमरीकी राजनयिकों और विपक्षी नेता ख़ुआन गोइदो को आंच भी आई तो इसका करारा जवाब दिया जाएगा. रविवार को ट्वीट करके बोल्टन ने कहा कि इस तरह से डराने की कोशिशें करने से क़ानून व्यवस्था कमज़ोर होगी. उन्होंने यह चेतावनी उस समय दी है जब अमरीका और 20 से अधिक देशों ने ख़ुआन गोइदो को अंतरिम राष्ट्रपति के तौर पर मान्यता दी है. गोइदो ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर पिछले साल हुए चुनावों में धांधली करने का आरोप लगाया है. इस महीने राष्ट्रपति मादुरो ने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली थी. मगर विपक्ष ने वोटों में धांधली के आरोप लगाए थे और चुनावों का बहिष्कार किया था. इसके बाद विपक्ष के नेता ख़ुआन गोइदो की अपील के बाद वेनेज़ुएला में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन शुरू हो गए थे. वेनेज़ुएला में चल रहा राजनीतिक संकट अब चरम पर पहुंचता दिख रहा है. विपक्ष ने मादुरो को अपदस्थ करने के लिए प्रयास तेज़ कर दिए हैं. इससे पहले रविवार को अमरीका के लिए वेनेज़ुएला के शीर्ष सैन्य प्रतनिधि ने मादुरो सरकार से पाला बदलते हुए कहा था कि वह ख़ुआन...