ईरान पर सख़्त हुआ अमरीका, भारत भी होगा प्रभावित
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अभी भी ईरान से तेल ख़रीद रहे देशों के लिए प्रतिबंधों से रियायतें ख़त्म करने का फ़ैसला लिया है. व्हाइट हाउस का कहना है कि चीन, भारत, जापान, दक्षिण कोरिया और तुर्की को दी गई छूट मई में समाप्त हो जाएगी. इसके बाद इन देशों पर भी अमरीका के प्रतिबंध लागू हो जाएंगे. अमरीका ने ये फ़ैसला ईरान के तेल निर्यात को शून्य पर लाने के उद्देश्य से किया है. इसका मक़सद ईरान की सरकार के आय के मुख्य स्रोत को समाप्त करना है. ईरान का कहना है कि प्रतिबंध अवैध हैं और उसके लिए छूट के कोई मायने नहीं है. क्यों आई यह नौबत बीते साल ट्रंप ने ईरान और छह पश्चिमी देशों के बीच हुए ऐतिहासिक परमाणु समझौते से अमरीका को अलग कर लिया था. इसके बाद उन्होंने ईरान पर फिर से आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए थे ताकि उसे नए समझौते के लिए विवश किया जा सके. अंतरराष्ट्रीय शक्तियों के साथ हुए परमाणु समझौते के तहत आर्थिक प्रतिबंधों से छूट के बदले ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने और अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों को जांच की अनुमति देने के लिए तैयार हुआ था. ओबामा के शासनकाल में हुए इस समझौते ...